भुवनेश्वर , जून 27 -- ओडिशा सरकार ओड़िया फिल्म उद्योग की स्थिति की बेहतरी, गुणवत्तापूर्ण फिल्मों के निर्माण तथा कलाकारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए जल्द नई फिल्म नीति लागू करेगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने 35वें और 36वें राज्य फिल्म पुरस्कार समारोह में इसकी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित फिल्म नीति ओड़िया फिल्म उद्योग के समग्र विकास का रोडमैप तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल ही में फिल्म जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उद्योग की चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि नयी नीति के तहत फिल्म निर्माण के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जाएगा, तकनीकी क्षमताओं को मजबूत किया जाएगा और गुणवत्तापूर्ण फिल्मों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही कलिंगा स्टूडियो को डिजिटल एवं पोस्ट-प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित किया जाएगा तथा युवाओं को सिनेमेटोग्राफी, साउंड डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स का विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।
श्री माझी ने देशभर के फिल्म निर्माताओं से ओडिशा के प्राकृतिक स्थलों को शूटिंग स्थल के रूप में उपयोग करने की अपील की, ताकि फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने निर्माताओं से ओड़िया संस्कृति पर आधारित आधुनिक विषयों वाली फिल्में बनाने और दर्शकों से ओड़िया फिल्मों को सिनेमाघरों में देखने का आग्रह किया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अन्य फिल्मों को जगह देने के लिए ओड़िया फिल्मों को सिनेमाघरों से हटाया गया तो सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित