बैतूल , सितंबर 17 -- पर्यावरण मंत्रालय, नई दिल्ली और एपको भोपाल के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हॉक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बैतूल में विश्व ओजोन दिवस पर इको क्लब के माध्यम से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
महाविद्यालय परिसर में चित्रकला, प्रश्न मंच, वाद-विवाद, नारा लेखन और ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके बाद विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर ओजोन परत के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ओजोन परत के क्षरण, पर्यावरण पर उसके प्रभाव और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई।
विषय विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार घोरसे ने ओजोन परत संरक्षण विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण मानव जीवन और पर्यावरण संतुलन के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण अनुकूल वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले संसाधनों के उपयोग को कम करने की अपील की।
कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के संरक्षण और इको क्लब प्रभारी प्रो. अर्चना सोनारे के मार्गदर्शन में हुआ। चेतना साहू, शारदा बनकर सहित इको क्लब समिति के सदस्यों ने सहयोग किया। डॉ. स्वप्निल यादव, डॉ. प्रियंका लिखितकर, प्रो. संतोष पवार, डॉ. महेंद्र नावंगे, डॉ. पंकज बारस्कर, डॉ. राहुल सिंह ठाकुर, डॉ. राजकुमार यादव, प्रो. दीपिका साहू और प्रो. नीतू कुमरे ने आयोजन में सहयोग दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित