मुरादाबाद, अगस्त 01 -- मुरादाबाद रेल मंडल के हरिद्वार- मोतीचूर रेलखंड पर ओएचई लाइन पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप्प हो गई जिससे 12 ट्रेन प्रभावित हुईं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि सूचना मिलने पर तकनीकी टीम की त्वरित कार्रवाई से दो घंटे बाद रेल संचालन बहाल हो पाया। इस दौरान 12 ट्रेन प्रभावित रहीं। तकनीकी टीम द्वारा युद्धस्तर पर रेल ट्रैक की महज दो घंटे में मरम्मत कार्य से ट्रैक और विद्युत लाइन पर रेलगाड़ियों की आवाजाही फिर से सुचारू हो सकी। उल्लेखनीय है कि रेल मंडल मुरादाबाद के हरिद्वार एवं मोतीचूर रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार दोपहर रेलवे ट्रैक के समीप स्थित एक विशाल पेड़ अचानक ओवरहेड विद्युत लाइन (ओएचई) पर गिर गया। इसके चलते इक्कड़ से देहरादून, ऋषिकेश एवं योग नगरी ऋषिकेश की ओर जाने वाले रेलमार्ग पर विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। घटना दोपहर लगभग 2:35 बजे किलोमीटर संख्या 29/11-12 के पास हुई। सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर रेल परिचालन को नियंत्रित किया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत, इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग की संयुक्त टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रेल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के तहत दोपहर 2:45 बजे इक्कड़ से हरिद्वार रेलवे स्टेशन तक ओएचई लाइन को पुनः चार्ज कर लिया गया। इसके तुरंत बाद मरम्मत कार्य के लिए टॉवर वैगन को मौके पर भेजा गया। रेलवे कर्मियों ने मुस्तैदी से काम करते हुए अपराह्न 3:25 बजे तक गिरे हुए पेड़ को ट्रैक व ओवरहेड लाइन क्षेत्र से पूरी तरह हटा दिया। इसके बाद रेलपथ का गहन निरीक्षण किया गया और सभी सुरक्षा मानकों की जांच के बाद 3:35 बजे ट्रैक को परिचालन योग्य (ट्रैक फिट) घोषित कर दिया गया।
ट्रैक फिट होने के पश्चात ओएचई की तकनीकी जांच एवं आवश्यक रखरखाव पूरा किया गया। कार्य पूर्ण होने पर टॉवर वैगन शाम 4:25 बजे घटनास्थल से हरिद्वार स्टेशन के लिए रवाना हुई, जिसके बाद 4:26 बजे ओएचई लाइन को पूर्ण रूप से चार्ज कर परिचालन के लिए उपयुक्त (ओएचई फिट) घोषित कर दिया गया। शाम 4:27 बजे पावर ब्लॉक तथा 4:35 बजे टॉवर वैगन के हरिद्वार पहुंचने पर ट्रैफिक ब्लॉक भी समाप्त कर दिया गया, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित