ओंगोल , जुलाई 12 -- यहां आज एक कार की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार सशस्त्र आरक्षित (एआर) बल के एक कांस्टेबल की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि राज्य स्तरीय स्त्री रोग विशेषज्ञ सम्मेलन में भाग लेने आये कुछ डॉक्टर कार से एक होटल जा रहे थे। इसी दौरान कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और कार ने एक मोटरसाइकिल के साथ-साथ नगर निगम के कचरा उठाने वाले वाहन को भी टक्कर मार दी।

मृतक कांस्टेबल मारिया दास (36) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं, कार में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आयी।

ओंगोल के पुलिस अधीक्षक वी हर्षवर्धन राजू ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया, जहां अधिकारियों ने उन्हें हादसे की पूरी जानकारी दी। सर्किल इंस्पेक्टर विजय कृष्णा ने मामला दर्ज कर कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी सामान्य अस्पताल (जीजीएच) भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित