नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- प्रतिका रावल को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में 16वीं खिलाड़ी के रूप में जोड़ा गया है। ये सीरीज़ फिलहाल चल रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के बाद खेली जाएगी।

26 अक्तूबर से ही चोट के कारण मैदान से दूर चल रही रावल को इससे पहले टेस्ट टीम में भी शामिल किया गया था। हालांकि, अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी जल्दी होगी। वनडे दल में शेफ़ाली वर्मा भी हैं जिनकी वनडे क्रिकेट में वापसी रावल के रिप्लेसमेंट के रूप में विश्व कप के दौरान हुई थी। उन्होंने दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ फ़ाइनल में शानदार प्रदर्शन किया था और प्लेयर ऑफ द मैच रही थीं।

बीसीसीआई के बयान में मंगलवार को कहा गया, "प्रतिका ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना रिहैब पूरा किया और अपनी चोट से पूरी तरह उबर चुकी हैं।"रावल ने दिसंबर 2024 में अपना वनडे डेब्यू किया था और अब तक उन्होंने केवल यही एक फ़ॉर्मेट खेला है। 23 पारियों में उन्होंने 50.45 की औसत और 82.83 की स्ट्राइक रेट के साथ 1110 रन बनाए हैं। दो शतक और सात अर्धशतक लगाकर उन्होंने शीर्षक्रम में काफ़ी अच्छे योगदान दिए हैं।

वनडे विश्व कप में भी वह शानदार फ़ॉर्म में थीं जहां उन्होंने 37, 31, 37, 6 और 122 के स्कोर बनाए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित