सेंट विंसेंट , मार्च 22 -- एलिस पेरी (42), जॉर्जिया वॉल (39) के बाद अलाना किंग (दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 17 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। अलाना किंग को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने चौथे ही ओवर में किआना जोसेफ (11) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी स्टेफनी टेलर ने कप्तान हेली मैथ्यूज के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 77 रनों की साझेदारी। एक समय जब लग रहा था वेस्टइंडीज यह मैच आसानी से जीत लेगी। 13वें ओवर में अलाना किंग ने हेली मैथ्यूज को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। हेली मैथ्यूज ने 41 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 56 रन बनाये। इसके बाद 15वें ओवर में अलाना किंग ने स्टेफनी टेलर (22) को भी आउट कर पवेलियन भेज कर ऑस्ट्रेलिया की मैच में वापसी करा दी। शमैन कैंपबेल (छह) रन बनाकर आउट हुई। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे वेस्टइंंडीज की टीम निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 147 रन ही बना सकी और मुकाबला 17 रनों से हार गई।

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के लिए अलाना किंग ने दो और जॉर्जिया वेयरहम ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने शनिवार रात टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 164 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। एलिस पेरी ने 28 गेंदों में छह चौके लगाते हुए सर्वाधिक 42 रन बनाये। वहीं जॉर्जिया वॉन ने 23 गेंदों में छह चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 39 रनों की पारी खेली। फीबी लिचफील्ड ने 29 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 35 रन बनाये। बेथ मूनी (17) और जॉर्जिया वेयरहम ने 11 रनों का योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित