नयी दिल्ली , नवंबर 08 -- ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और इजरायल के विदेश मंत्रालय ने रविवार को दुनियाभर में दिवाली मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अंधकार पर प्रकाश की विजय, आशा, एकता और नयी शुरुआत के त्योहार के स्थायी संदेश का उल्लेख किया।

श्री अल्बनीज ने अपने संदेश में दीपावली मना रहे सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकाश की विजय का उत्सव और विभिन्न धर्मों एवं संस्कृतियों के समुदायों को एकजुट करने वाला पर्व बताया। उन्होंने कहा, ''मैं दीपावली मना रहे सभी लोगों को प्रकाश की विजय के इस महान उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।''ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि दीपावली हिंदू, जैन, सिख और बौद्ध समुदायों के लिए गहरा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व रखती है। उन्होंने इसे उदारता और नयी शुरुआत की भावना से जुड़ी आध्यात्मिक एवं व्यक्तिगत नवीनीकरण की प्राचीन परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि इस त्योहार के प्रतीक और मूल्य धर्म एवं संस्कृति की सीमाओं से परे हैं तथा सभी के लिए करुणा और आपसी समझ का संदेश देते हैं।

श्री अल्बनीज ने कहा, ''प्रेम और एकता को अपने केंद्र में रखने वाला यह प्रकाशमय संदेश और निमंत्रण आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना पहले कभी था।'' त्योहार के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि दीये, मोमबत्तियां और लालटेन जलाना मानवता की साझा उम्मीदों और इस विश्वास को दर्शाता है कि अच्छाई, ज्ञान और सत्य की जीत होगी।

श्री अल्बनीज ने ऑस्ट्रेलिया की बहुसांस्कृतिक पहचान में दीपावली के बढ़ते महत्व का भी उल्लेख किया और भारतीय प्रवासी समुदाय सहित इस त्योहार को मनाने वाले अन्य समुदायों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा, ''हम सभी इस बात पर गर्व और खुशी महसूस कर सकते हैं कि आधुनिक ऑस्ट्रेलिया की पहचान में दीपावली कितनी गहराई से शामिल हो गई है। अपनी विरासत के अधिकारों और परंपराओं का सम्मान करते हुए आप उस देश को भी समृद्ध कर रहे हैं, जिसे आपने अपना घर बनाया है। आपने और आपके समुदाय ने पीढ़ियों से कड़ी मेहनत, आकांक्षाओं और देश के प्रति अटूट प्रेम के जरिए ऐसा किया है।'' उन्होंने समुदाय के योगदान को सभी ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों के लिए एक उपहार बताया और उम्मीद जताई कि दीपावली का उत्सव लोगों को उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरित करेगा।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री का संदेश साझा किया। उन्होंने त्योहार के आशा, एकता और नयी शुरुआत के संदेश तथा भारतीय प्रवासी समुदाय के स्थायी योगदान को रेखांकित किया।

इस बीच, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भी दीपावली के अवसर पर भारतीय समुदाय के साथ उत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि वह मानव संसाधन मंत्री रमनन रामकृष्णन के पारिवारिक आवास गए और बाद में एमआईसी तथा एमआईईडी की ओर से आयोजित 2026 के दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर एमआईसी अध्यक्ष तान श्री एसए विग्नेश्वरन भी मौजूद थे।

श्री इब्राहिम ने कहा कि सांस्कृतिक विविधता ही मलेशिया की विशिष्ट पहचान है और इसे मनाना, संरक्षित करना तथा इसकी रक्षा करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में सद्भाव और स्थिरता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने भी दीपावली मना रहे लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके लिए शांति, नवीनीकरण और आशा की कामना की।

मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में त्योहार के महत्व और अंधकार पर प्रकाश की विजय के संदेश को रेखांकित करते हुए कहा, ''दुनियाभर में लाखों लोग जब अंधकार पर प्रकाश की विजय का उत्सव मनाने के लिए अपने दीये जला रहे हैं, तब इजरायल शांति, नवीनीकरण और आशा की हार्दिक शुभकामनाएं देता है। दीपावली की रोशनी केवल घरों में ही नहीं, बल्कि दिलों में भी चमके।''वेनेजुएला में भी दिवाली का उत्सव मनाया गया। वेनेजुएला में भारतीय दूतावास ने एक्स पर बताया कि सरकार और भारतीय दूतावास ने राजधानी काराकास में संयुक्त रूप से दीपावली समारोह आयोजित किया। इसमें कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज, मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और राजनयिक समुदाय के सदस्य शामिल हुए।

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वेनेजुएला के कलाकारों ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित