भिवानी , मई 22 -- आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जान बचाने में सहायक होता है, बल्कि यह समाज में मानवीय मूल्यों और सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है। इसी उद्देश्य के तहत हरियाणा के भिवानी में ऑल हरियाणा पॉवर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के बैनर तले बिजली बोर्ड परिसर स्थित शिव मंदिर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 40 बिजली कर्मचारियों ने रक्तदान किया।

क्षेत्रीय सचिव अशोक गोयत ने बताया कि शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा का फोन आया था कि गर्मी के कारण ब्लड बैंक में रक्त की कमी हो रही है। इसके बाद यूनियन ने तुरंत रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया।

इस अवसर पर अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार पुनिया ने कहा कि आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को रक्त की अत्यधिक आवश्यकता पड़ती है और ऐसे रक्तदान शिविर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायिनी साबित होते हैं। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी बिजली कर्मियों के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।

राज्य ऑडिटर धर्मवीर सिंह भाटी ने कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान बेहद जरूरी है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित