बर्मिंघम , मार्च 05 -- भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी मलेशिया के कांग खाई जिंग और एरॉन ताई से सीधे गेम में हारने के बाद ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप के पहले ही राउंड में बाहर हो गयी।
यूटिलिटा एरिना बर्मिंघम में बुधवार को खेले गये मुकाबले में चौथी रैंक वाली भारतीय जोड़ी दुनिया की 33वें नंबर की मलेशियाई जोड़ी से 23-21, 21-12 से हार गई।
सात्विक-चिराग ने अच्छी शुरुआत की और शुरुआती गेम के इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बना ली, जिसके बाद मलेशियाई जोड़ी ने वापसी करते हुए स्कोर 16-16 से बराबर कर दिया। 2024 के जूनियर वर्ल्ड चैंपियन कांग और एरॉन फिर आगे निकल गए और भारतीयों जोड़ी के दो मैच पॉइंट बचाने के बावजूद, आखिरकार टाई-ब्रेक में गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी इसी मोमेंटम को जारी रखते हुए, मलेशियाई जोड़ी ने गेम पर अपना दबदबा बनाया। और सिर्फ पांच और पॉइंट देकर मैच आराम से जीत लिया।
इस हार के साथ ही इस मशहूर टूर्नामेंट में भारत का पुरुष युगल में अभियान भी समाप्त हो गया।
एक अन्य मुकाबले में भारत के रोहन कपूर और रुथविका गड्डे मिश्रित युगल स्पर्धा में फ्रांस की पांचवीं सीडेड जोड़ी थॉम गिक्वेल और डेल्फ़िन डेलरू से 21-12, 21-15 से हार गए।
इस बीच, 2025 यूएस ओपन चैंपियन आयुष शेट्टी इंडोनेशिया के वर्ल्ड नंबर 14 अल्वी फरहान से 21-19, 9-21, 17-21 से हारकर पुरुष एकल ड्रॉ से बाहर हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित