लॉर्ड्स , जून 05 -- ऑली रॉबिंसन (पांच विकेट) और जॉश टंग (तीन विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह के सत्र में गेंदबाजों के लिए मददगार पिच पर न्यूजीलैंड को पहली पारी में 113 रन पर समेट कर 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड ने आज, कल के छह विकेट पर 61 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में न्यूजीलैंड का सातवां विकेट 65 रन के स्कोर पर ग्लेन फ़िलिप्स (35) के रूप में गिरा। उन्हें जॉश टंग ने बोल्ड आउट किया। 23वें ओवर की आखिरी गेंद पर टंग ने नेथन स्मिथ (15) रन का भी शिकार कर लिया। विलियम ओरूर्क (एक) को गस ऐटकिंसन ने आउट किया। 30वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ऑली रॉबिंसन ने मैट हेनरी (शून्य) को बोल्ड कर 113 रनों के स्कोर पर न्यूजीलैंड की पहली पारी का अंत कर दिया। काइल जेमिसन 38 रन पर नाबाद रहे। इसी के साथ इंग्लैंड को 27 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिल गई है। इंग्लैंड के लिए ऑली रॉबिंसन ने पांच विकेट लिये। जॉश टंग को तीन विकेट मिले। गस ऐटकिंसन ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले काइल जेमीसन (पांच विकेट) और नेथन स्मिथ (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन इंग्लैंड को पहली पारी में 140 रन के स्कोर पर समेट दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित