जालंधर , फरवरी 06 -- पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने राज्य में बढ़ रहे आपराधिक ग्राफ पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी में लगभग 400 गुणा बढ़ोतरी हुई है।
श्री यादव शुक्रवार को यहां आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी लक्की ऑबराय की हत्या की जांच की समीक्षा करने के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि हत्यारों द्वारा प्रयोग किए जा रहे ज्यादातर हथियार ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हथियार ज़्यादातर पाक-मेड हैं जो पाकिस्तान से आ रहे हैं।
डीजीपी यादव ने कहा कि हत्या के इस मामले में जालंधर आयुक्तालय के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अब तक की गई जांच की समीक्षा की गई। इसके बाद, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच पेशेवर और विश्वसनीय तरीके से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को ट्रैक किया जा रहा है और जहां-जहां मोबाइल फोन का इस्तेमाल हुआ, वहां से टावर डंप उठाकर तकनीकी रूप से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "अपराध के सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस मामले में स्वयं मुख्यमंत्री ने जानकारी ली है और कहा राज्य सरकार और पुलिस पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। हम इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाएंगे। दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।"अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर लक्की ऑबराय की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट पर कहा, " हम इसकी ठीक से जांच करेंगे, जैसा कि मैंने पहले कहा, जिसने भी पोस्ट किया है, हम उसके आईपी नंबर को ट्रैक करके उसकी जांच करेंगे और पता लगाएंगे कि वह किसके संपर्क में था और जिसने भी यह कृत्य किया है, उसे सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या का मकसद अभी तक पता नहीं चला है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल महिमामंडन के लिए किया जाता है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल भर्ती के लिए किया जाता है। पिछले साल, हमने आईटी अधिनियम की धारा 79बी के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों को नोटिस जारी किए थे, जिसमें राज्य पुलिस को इसे हटाने का अधिकार होगा। हमने लगभग आठ हजार यूआरएल हटाए। उस धारा में केंद्र सरकार के पास अधिकार है। हमने 2000 से अधिक यूआरएल हटाए। पंजाब में कॉलेज छात्र अध्यक्ष पद के लिए हो रही हत्याओं के संबंध में पूछने पर उन्होने कहा कि अभी तक इसमें संगठित अपराध का कोई एंगल सामने नहीं आया है, लेकिन इसमें अपराधियों की संलिप्तता जरूर होगी। हम इसकी गहन जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि कॉलेज अध्यक्ष पदों के मामले शिक्षा विभाग से संबंधित है और लोग इसमें रुचि रखते हैं, हम इसका गहन अध्ययन करेंगे।
डीजीपी ने कहा, "मैं पंजाब के युवाओं से अपील करता हूं। अपराध की ओर मत बढ़ो। इस अपराध को खत्म करने वाले आप ही होंगे। नोट पर लिखी पोस्ट को देखिए, हमारे पास हर किसी का आपराधिक रिकॉर्ड है, किसका कितनी बार प्राथमिकी में नाम दर्ज है, हम अपराधी को न्याय के कटघरे में लाएंगे। पंजाब और जालंधर में हम अपराध बर्दाश्त नहीं करेंगे। अपराध करने वालों को बहुत जल्द पकड़ा जाएगा। हम उन्हें पकड़कर कानून के सामने पेश करेंगे। मैं आपको जांच का ब्यौरा नहीं दूंगा लेकिन हम आपको कई सुराग देंगे। हम बहुत जल्द जांच में सफल होंगे। इस अपराध में जो भी शामिल होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम पीछे नहीं हटेंगे।"उल्लेखनीय है कि जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में आज सुबह एक गुरुद्वारे के बाहर लक्की ऑबरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना सुबह करीब 7.55 बजे हुई, जब वह गुरुद्वारे से बाहर निकले थे। लक्की ऑबराय अपनी थार गाड़ी में बैठे थे, तभी दो शूटर स्कूटर पर आए और उन पर करीब से गोलियां चलाईं। उन्हें गंभीर हालत में एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित