देहरादून , अगस्त 24 -- ऑपरेशन सद्भावना के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता यात्रा पर आए उत्तराखंड के सीमावर्ती कुमाऊं क्षेत्र के विद्यार्थियों ने सोमवार को लोक भवन में राज्यपाल (सेनि) लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से भेंट की।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे यात्रा के अनुभवों को केवल यादों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें सहेजकर रखें। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान खींची गई तस्वीरों को सुरक्षित रखने तथा प्रतिदिन के अनुभव, सीखी गई बातें और नई जानकारियां नोटबुक में लिखने को कहा।

राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थी यह भी लिखें कि यात्रा से पहले उनके जो लक्ष्य थे, यात्रा के बाद उनमें किस प्रकार का बदलाव आया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केवल सेना में जाने का लक्ष्य रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें सेना के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का सपना देखना चाहिए। बड़े सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण आवश्यक है।

श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और पर्यटन को बढ़ावा दिए जाने से इन क्षेत्रों की संभावनाएं देश-दुनिया के सामने आई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने क्षेत्र की विशिष्टता, संस्कृति और संभावनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने राज्यपाल के साथ अपने यात्रा अनुभव साझा किए और विभिन्न संस्थानों के भ्रमण तथा इस यात्रा के दौरान मिली नई जानकारियों के बारे में बताया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित