जशपुर , अप्रैल 16 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ''ऑपरेशन शंखनाद'' के तहत गौ तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से नौ गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह जानकारी पुलिस ने आज दी।
मामले के अनुसार 14 अप्रैल को लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंशों को भरकर जशपुर से लोदाम के रास्ते झारखंड ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान भलमंडा तिराहा के पास नेशनल हाईवे-43 पर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पिकअप वाहन की जांच की, जिसमें नौ गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार वाहन चालक की पहचान इमरान खान, (28) , निवासी साईं टांगर टोली, थाना लोदाम के रूप में की।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) के तहत मामला दर्ज कर 15 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ लोदाम, नारायणपुर व कुनकुरी थानों में पहले से गौ तस्करी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
जशपुर जिले के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पुलिस लगातार गौ तस्करों पर नजर रखे हुए है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और तकनीकी टीम की भी मदद ली जा रही है। पिछले दो सप्ताह में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 82 गौवंशों को मुक्त कराया है, आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जब्त किया है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और "ऑपरेशन शंखनाद" आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित