छुईखदान/केसीजी , अप्रैल 27 -- छत्तीसगढ़ के केसीजी जिला पुलिस को 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। छुईखदान थाना पुलिस ने अपहरण और नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना छुईखदान में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। बरामदगी के बाद पीड़िता के बयान में आरोपी द्वारा जबरन शारीरिक शोषण किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 64(2)(ड), 96 बीएनएस तथा पाक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़ दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी दीपजोल कलसा (22 वर्ष), निवासी कंचारिपारा, 14 परगना (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग को अपने झांसे में लेकर लगातार शोषण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित