धार , जुलाई 23 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की कानवन थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत दो अलग-अलग मामलों में अपहृत दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, एक मामले में दुष्कर्म तथा सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार पहला मामला 30 मई का है, जिसमें एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में कानवन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। दूसरे मामले में 16 जुलाई को दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी अजय अपने साथी रोहित उर्फ रवि के साथ एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया। आरोप है कि उसने एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया, घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर प्रसारित कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी अजय पिता बाबूलाल मुणिया निवासी वरनासा, कानवन तथा उसके साथी रोहित उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों अपहृत बालिकाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित