गोपालगंज , नवंबर 07 -- बिहार के गोपालगंज जिले में गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन मुस्कान' अभियान के सातवें चरण में पुलिस ने 83 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए।

बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी)विनय तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 692 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार, जिले में आम लोगों से लगातार मिल रही मोबाइल फोन गुम होने और चोरी होने की शिकायतों के मद्देनजर 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके सातवें चरण में जिला स्तरीय मोबाइल रिकवरी टीम (डीआईयू) और संबंधित थानों की पुलिस ने संयुक्त प्रयास से तकनीकी अनुसंधान तथा सीईआईआर पोर्टल की मदद से 83 मोबाइल फोन बरामद किए।

बरामद मोबाइल फोन का विधिवत सत्यापन करने के बाद शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी एवं संबंधित थानाध्यक्षों ने वास्तविक मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंप दिए।

पुलिस के अनुसार, सात चरणों में अब तक कुल 609 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए जा चुके हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कुल कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है। वहीं, ऑपरेशन मुस्कान के तहत अब तक बरामद और वितरित किए गए मोबाइल फोन की कुल संख्या 692 हो गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित