हरिद्वार, अक्टूबर, 05 -- उत्तराखंड में ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ सोमवार को कार्रवाई करते हुए झबरेड़ा क्षेत्र से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,780 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में झबरेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि लखनोता रोड स्थित अवनी कांटे के सामने कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित पुत्र अशोक, साजिद अली पुत्र अब्दुल हमीद, मुनीश पुत्र मोहम्मद मकसुद, सौरभ कुमार पुत्र रमेश, जहांगीर अंसारी पुत्र लाला, सागर पुत्र धर्मवीर, अक्षय पुत्र चमन लाल और विकास पुत्र सतीश, सभी निवासी कस्बा झबरेड़ा, कोतवाली झबरेड़ा, हरिद्वार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित