डोईवाला , मई 14 -- उत्तराखंड में देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के अंतरराज्यीय चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई छह सोने की चेन बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई मुख्यमंत्री के "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार नौ मई को कंचन ज्वैलर्स के संचालक सुरेन्द्र कुमार कक्कड़ ने कोतवाली डोईवाला में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ महिला और पुरुष ग्राहक बनकर उनकी दुकान में आए और बातों में उलझाकर छह सोने की चेन चोरी कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक डोईवाला के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों की पहचान की। लगातार की गई सुरागरसी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने बुधवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रेन के जरिए महाराष्ट्र भागने की तैयारी में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाते थे। गिरोह के कुछ सदस्य दुकानदार को खरीदारी और मोलभाव में उलझाते थे, जबकि अन्य सदस्य मौका देखकर कीमती जेवर चोरी कर लेते थे। गिरोह में अधिकतर सदस्य बुजुर्ग होने के कारण दुकानदारों को उन पर आसानी से शक नहीं होता था।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम पांडुरंग, वासुदेव नामदेव शिंदे, सतीश नामदेव शिंदे, मनीष मनोहर मोरे, मंगेश सुर्वे और विमल है। सभी आरोपी महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित