हरिद्वार , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने शनिवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत 17 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "ऑपरेशन प्रहार-2026" के तहत हरिद्वार पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में आज कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 17 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 31 जुलाई को क्षेत्र में गश्त एवं जांच के दौरान श्मशान घाट बहादराबाद से आगे पुलिया के पास कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 17 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल पुत्र अमजद, निवासी ड्रीमलैंड होटल वाली गली, कस्बा बहादराबाद, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित