हरिद्वार , मई 29 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत भगवानपुर पुलिस ने गौकशी के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 250 किलोग्राम गौमांस, गोवंशीय अवशेष तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किये हैं। घटना में शामिल चार अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार जिले में अपराधियों, वांछित अभियुक्तों, नशा तस्करों तथा गौकशी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस को आज सूचना मिली कि ग्राम सिकरोड़ा में बेरियों पीर की ओर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग गौकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के समीप पहुंचने पर पुलिस को कटाई की आवाजें सुनाई दीं तथा आसपास कुत्तों की मौजूदगी से भी संदेह गहरा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की तो मौके पर पांच व्यक्ति गौकशी करते दिखाई दिये।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिनमें से इरशाद पुत्र कुर्बान निवासी ग्राम सिकरोड़ा, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके चार साथी फरार होने में सफल रहे।

मौके से पुलिस ने लगभग 250 किलो गौमांस, गोवंशीय सिर, खुर, खाल तथा दो लोहे की छुरियां बरामद कीं। बरामद मांस को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित