हरिद्वार , अगस्त 06 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत झबरेड़ा पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। वहीं, आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर लोगों को खुलेआम धमकाने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत झबरेड़ा थाना पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित टीम को इकबालपुर-तांशीपुर रोड स्थित हीराहेड़ी मार्ग पर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने शुभम और शिवम को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम पुत्र सुभाष कुमार निवासी भिस्तीपुर, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार तथा शिवम पुत्र प्रताप निवासी ग्राम मझौल, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम के खिलाफ हरिद्वार और सहारनपुर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले पहले से दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित