हरिद्वार , जून 25 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को भगवानपुर पुलिस ने एक महिला को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्कर के कब्जे से 7.05 ग्राम स्मैक बरामद की है।

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया।

ग्राम सिकरोड़ा स्थित बड़ी मस्जिद के पास धोबियों वाली गली में जांच के दौरान पुलिस ने एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.05 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल महिला को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।

गिरफ्तार महिला ग्राम सिकरोड़ा, कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र की निवासी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित