हरिद्वार , जुलाई 22 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बुधवार को पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को 2.088 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं सघन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान चमगादड़ टापू से जाने वाले तिराहे के अंडरपास के नीचे एक युवक संदिग्ध अवस्था में बैग लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह बैग लेकर लालजीवाला ग्राउंड की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से अवैध गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजे का वजन 2.088 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजू उर्फ गंजू पुत्र करतार सिंह, निवासी बैराज कॉलोनी, मायापुर, कोतवाली नगर, हरिद्वार बताया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित