हरिद्वार , जुलाई 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस के 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को लक्सर कोतवाली पुलिस ने एक लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए घटना की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंडी निवासी इमरान ने 20 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को चार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी और उससे एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की साजिश एक महिला ने रची थी।
पुलिस ने लक्सर क्षेत्र से महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि इमरान उसके पास भैंस खरीदने आया था और उसके पास एक लाख रुपये देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और इमरान को नियामतपुर गांव में भैंस दिखाने के बहाने भेज दिया। इसके बाद उसने व्हाट्सएप कॉल के जरिए अपने साथियों को सूचना दी, जिन्होंने नियामतपुर-खेड़ी कला मार्ग पर इमरान से एक लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद उसे हिस्से के रूप में 20 हजार रुपये मिले थे। पुलिस में शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह फरार हो गई थी।
गिरफ्तार महिला लक्सर क्षेत्र के कुआं खेड़ा गांव की रहने वाली है। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं तथा उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित