हरिद्वार , जून 23 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले में अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस को मंगलवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने जांच अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी की कार को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जिले भर में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रानीपुर पुलिस सेक्टर-3 बीएचईएल स्थित गैस गोदाम के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार युवक के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा तथा एक कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान कार्तिक कुमार (19) पुत्र लाल बहादुर सिंह निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार के रूप में की है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी से बरामद कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित