काशीपुर , जून 08 -- उत्तराखंड की उधमसिंहनगर जिले की काशीपुर पुलिस ने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की और आरोपी के कब्जे से चोरी किये गये सोने-चांदी के जेवरात, कीमती घड़ी और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मामला विगत आठ मई का है, जब पीयूष चौहान निवासी मेहरोत्रा हॉस्पिटल के पीछे, साकेत नगर काशीपुर अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र सिंह और उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह सामंत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। रविवार रात को ढैला पुल के पास जांच के दौरान पुलिस शातिर चोर सोनू शर्मा (35) निवासी ग्राम मूसेपुर पाडली, थाना नहटौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि सोनू शर्मा बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करता था और फिर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जो पहले भी बिजनौर, नजीमाबाद और ऋषिकेश में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित