भुवनेश्वर , दिसंबर 16 -- ओडिशा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी को रोकने और राज्य को मादक पदार्थ मुक्त बनाने के लिए "ऑपरेशन धरपगड़" नाम से एक विशेष राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है।

पिछले कुछ दिनों में चलाये गये इस ऑपरेशन के परिणामस्वरूप 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 10 करोड़ रुपये से ज़्यादा की नशीली दवाएं ज़ब्त की गयी हैं। सभी जिलों के पुलिसकर्मियों ने इस ऑपरेशन में सक्रिय रूप से भाग लिया, जिसमें गांजा, ब्राउन शुगर, हेरोइन और कफ सिरप जैसे नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी को निशाना बनाया गया। इस समन्वित कार्रवाई से राज्य भर में ड्रग्स से जुड़े 94 मामले दर्ज किये गये हैं।

इस अभियान के दौरान अधिकारियों ने 1,400 किलोग्राम गांजा, एक किलोग्राम 650 ग्राम ब्राउन शुगर, 133 ग्राम हेरोइन और 292 बोतल कफ सिरप ज़ब्त किया। इसके अलावा, 2,706 एकड़ ज़मीन पर उगाए गए गांजे के पौधों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया गया, जिससे बड़े पैमाने पर अवैध खेती खत्म हो गयी है। इस दौरान 40 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया और अवैध व्यापार में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को ज़ब्त किया गया। इसके अलावा, आपराधिक गतिविधियों में बार-बार शामिल होने से रोकने के लिए 18 आदतन अपराधियों के खिलाफ एनएसए के तहत मामले दर्ज किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित