अंबिकापुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन तलाश' एवं 'अभियान मुस्कान' के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए महज 15 दिनों में 60 गुमशुदा लोगों को दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया है।
यह जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर एक अप्रैल से शुरू किए गए इस विशेष अभियान के तहत उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना तथा चौकी प्रभारियों को गुमशुदा व्यक्तियों की खोज में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस द्वारा एक अप्रैल से 15 अप्रैल के बीच की गई कार्रवाई में कुल 60 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया, जिनमें 44 महिलाएं, नौ पुरुष और सात नाबालिग बालिकाएं शामिल हैं। सभी को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।
अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी सक्रियता देखने को मिली। अंबिकापुर कोतवाली थाना ने सात, गांधीनगर ने 9, सीतापुर ने ेक, लखनपुर ने सात, उदयपुर ने पांच, बतौली ने दो, लुंड्रा ने चार, धौरपुर ने दो, दरिमा थाना ने सर्वाधिक 10, मणिपुर ने तीन तथा कमलेश्वरपुर थाना ने तीन गुमशुदा व्यक्तियों को बरामद किया।
वहीं, नाबालिग बालिकाओं की बरामदगी में कोतवाली थाना ने 4, गांधीनगर, बतौली और कमलेश्वरपुर थाना ने एक-एक बालिका को खोज निकाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के तहत गुमशुदा व्यक्तियों के परिजनों से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई तथा तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर उन्हें सुरक्षित ढूंढा गया। यह अभियान पूरे अप्रैल माह तक जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और अधिक गुमशुदा व्यक्तियों को खोजने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित