हरिद्वार , जून 01 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन कालनेमी" के तहत सोमवार को पुलिस ने पिरान कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुये तांत्रिक और धार्मिक व्यक्तियों का छद्म वेश धारण कर आमजन को गुमराह करने वाले 40 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने आज दरगाह शरीफ और उसके आसपास स्थित सरायों, रैन बसेरों तथा अन्य अस्थायी ठिकानों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया गया जो तांत्रिक, फकीर या साधु का वेश धारण कर श्रद्धालुओं को उनकी पारिवारिक और व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान का झांसा देकर आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे थे।

पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 40 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर कोतवाली में पूछताछ की। जांच में सामने आया कि ये लोग धार्मिक भावनाओं का फायदा उठाकर विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को ठगी एवं अंधविश्वास से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि धार्मिक आस्था का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित