जालौन , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में यात्रियों की सुरक्षा, बस-बॉडी कोड एवं निर्धारित ऊंचाई मानकों के अनुपालन तथा अतिरिक्त सामान और कैरियर पर अत्यधिक लोड की जांच के लिए परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान 'ऑपरेशन कवच-2.0' जिले में 24 घंटे अनवरत जारी है। 28 से 30 सितंबर तक चल रहे तीन दिवसीय अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
परिवहन विभाग के अनुसार जनपद में एक अधिकारी की कमी के चलते अभियान में अन्य संभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसी क्रम में 28 सितंबर की रात से 29 सितंबर के पूर्वाह्न तक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन राजेश कुमार ने नियम विरुद्ध संचालित दो स्लीपर बसों के खिलाफ चालान एवं निरुद्ध करने की कार्रवाई की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी हेमचंद्र गौतम ने दो स्लीपर बसों तथा यात्रीकर/मालकर अधिकारी जालौन आनंद राय कुरील ने एक स्लीपर बस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जिले के विभिन्न थानों में निरुद्ध कराया। इसके अलावा अन्य अभियोगों में भी बड़ी संख्या में बसों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। निरुद्ध की गई बसों में सवार यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, उरई की बसों के सहयोग से वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की गई।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बस यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और अधिक व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 'ऑपरेशन कवच-2.0' अग्रिम आदेशों तक जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित