नोएडा , जून 06 -- उत्तर प्रदेश में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सीटवार बुकिंग कर स्टेज कैरिज की तरह संचालित होने वाली बसों पर परिवहन विभाग सख्ती करने जा रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर 9 से 11 जून तक पूरे प्रदेश में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

नोएडा सेक्टर 33 स्थित परिवहन कार्यालय से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण ने शनिवार को बताया कि, अभियान के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे समेत प्रमुख राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा टोल प्लाजाओं पर 24 घंटे प्रवर्तन दल तैनात रहेंगे। परिवहन विभाग की टीमें बसों की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में चालान, सीजिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई करेंगी।

इस दौरान अखिल भारतीय पर्यटक परमिट (एआईटीपी) से संचालित उन बसों के खिलाफ कार्रवाई होगी जो नियमों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों की सीट बुकिंग कर नियमित यात्री सेवा की तरह संचालन कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में प्रवर्तन विभाग पहले से ही अवैध यात्री परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। मई माह में 242 बसों की जांच की गई, जिनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 1.01 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा वाहनों से 67 लाख रुपये का बकाया कर भी जमा कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित