भिण्ड , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर में ऑनलाइन लोन के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। एक युवक ने व्हाट्सएप पर प्राप्त लिंक से कथित लोन ऐप डाउनलोड कर ऋण लिया, जिसके बाद उससे वसूली के लिए दबाव बनाया गया और कथित रूप से अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भिण्ड देहात थाना क्षेत्र निवासी राजू सिंह ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले व्हाट्सएप पर ऑनलाइन लोन का विज्ञापन मिलने पर उसने लिंक के माध्यम से एक ऐप डाउनलोड की। इंस्टॉल करते समय ऐप द्वारा मांगी गई विभिन्न मोबाइल परमिशन उसने स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसके खाते में 2,500 रुपये का लोन दर्शाया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अगले ही दिन उससे लोन चुकाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। पहले 2,000 रुपये और बाद में प्रतिदिन 3,000 रुपये देने के संदेश भेजे गए। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उसके मोबाइल का डेटा हासिल कर उसकी संपादित अश्लील फोटो एवं वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही उसके कुछ परिजनों के मोबाइल नंबर भेजकर उन्हें सामग्री भेजने की चेतावनी भी दी गई।
धमकियों से परेशान होकर युवक ने साइबर सेल और भिण्ड देहात थाना पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि फर्जी ऑनलाइन लोन ऐप आसान ऋण का लालच देकर मोबाइल की विभिन्न अनुमतियां प्राप्त कर लेते हैं और बाद में मोबाइल का डेटा हासिल कर ब्लैकमेलिंग शुरू कर देते हैं।
उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक या लोन ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने तथा बिना आवश्यकता किसी ऐप को सभी मोबाइल परमिशन नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित