उज्जैन , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में जीवाजीगंज थाना पुलिस ने ऑनलाइन मछली व्यापार के नाम पर हुई पांच लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 4 लाख 90 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करवाए हैं।

पुलिस के अनुसार उज्जैन निवासी 54 वर्षीय कैलाश लश्करी ने शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले आंध्रप्रदेश स्थित 'बंगाल टाईगर' नामक कंपनी के राकेश कुमार नामक व्यक्ति ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने मछली व्यापार के संबंध में व्यवसाय करने का प्रस्ताव देते हुए व्यापार से जुड़े कुछ दस्तावेज ऑनलाइन भेजे। दस्तावेजों पर विश्वास कर श्री लश्करी ने आरोपी द्वारा बताए गए एक्सिस बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से पांच लाख रुपये जमा कर दिए।

राशि प्राप्त होने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद फरियादी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला और उन्होंने तत्काल जीवाजीगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।

प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत बीएनएस की धारा 316(5), 319(2) एवं 318(4) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित बैंकिंग चैनल से समन्वय कर आरोपी के बैंक खाते में उपलब्ध राशि को फ्रीज करवाया।

पुलिस ने आरोपी द्वारा अन्य बैंक खातों में स्थानांतरित की गई राशि में से करीब 4 लाख 48 हजार रुपये भी समय रहते फ्रीज करवाए। त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी की रकम को आगे अन्य खातों में स्थानांतरित होने से रोक लिया गया और कुल 4 लाख 90 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करवाए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित