कांकेर , मार्च 02 -- छत्तीसगढ के कांकेर जिले में बढ़ती चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पिछले तीन माह में ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से मंगवाए गए कुल 54 नग धारदार चाकू बरामद किए गए हैं। साथ ही पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार,पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भापुसे) के निर्देशन में साइबर सेल कांकेर द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं निगरानी के माध्यम से पेन चाकू, बटन चाकू, पॉकेट चाकू सहित अन्य धारदार हथियारों की ऑनलाइन खरीद संबंधी सूचनाएं संकलित की गईं। सत्यापन उपरांत संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचकर हथियारों को जब्त किया गया।

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आकर्षक डिजाइन और अपेक्षाकृत कम कीमत के कारण कुछ युवा शौक, दिखावे तथा सोशल मीडिया पर प्रदर्शन के उद्देश्य से ऐसे हथियार मंगवा रहे थे। कुछ मामलों में इनके दुरुपयोग की आशंका भी व्यक्त की गई है। अभियान के दौरान यह भी पाया गया कि कुछ युवक फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया मंचों पर धारदार हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो साझा कर रहे थे, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना बनी हुई थी।

कार्रवाई के दौरान चिह्नित व्यक्तियों को बहुत समझाया गया। वहीं थाना चारामा क्षेत्र में सागर उसेण्ड (19), निवासी मरकाटोला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित आपराधिक घटना पर अंकुश लगाया जा सके।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से चाकू या अन्य धारदार हथियार मंगवाकर डराने-धमकाने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने की मंशा रखता हो, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94792-55125 पर दें।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी सूचना देने वाले सूचनाकर्ता को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित