नोएडा , जून 19 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैटिंग ऐप और वेबसाइट के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप, एटीएम कार्ड समेत कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस द्वारा शुक्रवार को कार्रवाई की जानकारी दी गई उन्होंने बताया कि, गत गुरुवार को सेक्टर-113 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-122 स्थित फ्लैट नंबर डी-44 पर छापा मारा। इस दौरान ऑनलाइन बैटिंग ऐप के माध्यम से लोगों से धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमांशु कुमार (20 वर्ष), प्रदीप सिंह (25 वर्ष) और कुलदीप सिंह (26 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में नोएडा सेक्टर 122, स्थित फ्लैट में रहकर कथित तौर पर इस अवैध गतिविधि को संचालित कर रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गैंग बनाकर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन चलाते थे। इसके जरिए लोगों को ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट और मोबाइल ऐप से जोड़कर कम समय में पैसा दोगुना करने का लालच दिया जाता था। जब लोग पैसे निवेश करते थे, तो उनसे धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली जाती थी।
आरोपी ऑनलाइन बैटिंग वेबसाइट रेड्डीबुक डॉट पिंक और संबंधित ऐप के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। मामले में डिजिटल लेन-देन और बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पंद्रह सिम कार्ड, चार लैपटॉप, चौदह मोबाइल फोन, पैंतीस एटीएम कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, चार मेट्रो कार्ड, नौ चेक बुक,चार पासबुक,एक वाई-फाई राउटर, एक लेनोवा कंपनी का टैबलेट बरामद किया।
पुलिस का मानना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग दस्तावेजों का उपयोग ऑनलाइन धोखाधड़ी और फर्जी लेन-देन के लिए किया जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित