मुंबई , अक्टूबर 22 -- भिनेत्री प्राजक्ता कोली ने कहा है कि ऑनलाइन प्रशंसकों से मिलने वाले प्यार और समर्थन ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में आत्मविश्वास के साथ अपनी जगह बनाने में मदद की है।नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में अपने पति वृषांक के साथ पहुंचीं प्राजक्ता ने डिजिटल क्रिएटर से अभिनेत्री बनने तक के अपने सफर और अभिनय को लेकर अपनी सोच में आए बदलावों पर बात की।

फिल्म 'जुगजुग जियो' का अनुभव साझा करते हुए प्राजक्ता ने कहा कि फिल्म में बड़े कलाकारों के साथ काम करने के बावजूद उन्हें इस बात की चिंता नहीं थी कि दर्शक उन्हें पसंद करेंगे या नहीं। वह चाहती थीं कि उनकी वजह से फिल्म देखने आने वाले दर्शकों को भी उनका काम पसंद आए।

उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी नए माहौल में जाती हैं, तो उनके भीतर थोड़ा आत्मविश्वास रहता है, जिसका श्रेय वह अपने ऑनलाइन प्रशंसकों को देती हैं। उन्होंने फिल्म के कलाकारों और पूरी टीम के सहयोग की भी सराहना की।

शो के दौरान प्राजक्ता और वृषांक ने अपनी पहली मुलाकात, दोस्ती के रिश्ते में बदलने और शादी तक के सफर से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए। दोनों ने अपने-अपने करियर के बीच तालमेल बिठाने और एक-दूसरे के सपनों को पूरा करने में सहयोग देने के बारे में भी बात की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित