प्रयागराज , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ऑनलाइन दवा बिक्री और अवैध ई-फार्मेसी के विरोध में बुधवार को दवा व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं।

प्रयागराज केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले शहरभर के केमिस्ट कारोबारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। सुबह से ही शहर की अधिकांश मेडिकल दुकानों के शटर बंद रहे। दवा व्यापारियों ने बैठक कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। प्रयागराज में करीब छह हजार दवा लाइसेंस हैं और लगभग सभी दुकानदारों ने विरोध स्वरूप अपनी दुकानें बंद रखीं।

शहर के बालसन चौराहा, लीडर रोड सहित थोक दवा बाजार पूरी तरह बंद रहे। इन क्षेत्रों में सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध होती हैं, लेकिन दुकानों के बंद रहने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रयागराज के अलावा आसपास के जिलों से दवा लेने आने वाले लोग भी दिनभर भटकते रहे और कई लोगों को बिना दवा लिए लौटना पड़ा। हालांकि स्वरूपरानी अस्पताल परिसर की मेडिकल दुकानें खुली रहीं। इसके अलावा कुछ निजी फार्मेसी, जैसे अपोलो फार्मेसी, पर दवाएं उपलब्ध रहीं, लेकिन शहर के अधिकांश हिस्सों में मेडिकल सेवाएं प्रभावित रहीं।

दवा व्यापारियों का कहना है कि जब तक ऑनलाइन और अवैध ई-फार्मेसी पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट उत्तर प्रदेश के चेयरमैन राणा चावला ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के खिलाफ है और सरकार को इस मामले का गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी कंपनियां भारी छूट देकर ऑनलाइन दवा बिक्री कर रही हैं, जिससे देशभर के करीब 16 लाख दवा व्यापारियों और केमिस्टों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

उन्होंने बताया कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केवल स्वरूपरानी अस्पताल की मेडिकल दुकानों को बंदी से अलग रखा गया, ताकि इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित न हों।

हंडिया से आए अजय कुमार ने बताया कि वह दवा लेने प्रयागराज आए थे, लेकिन अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद होने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। उन्होंने कहा कि कई दुकानों पर जाने के बावजूद उन्हें आवश्यक दवाएं नहीं मिल सकीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित