बैतूल , फरवरी 12 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के थाना बैतूल बाजार पुलिस ने 1 करोड़ 93 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मिलन राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लगभग एक वर्ष से फरार था।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना बैतूल बाजार में अपराध क्रमांक 59/25 के तहत धारा 420, 409, 467, 471 भादवि एवं 66(डी) आईटी एक्ट में प्रकरण दर्ज है।

पुलिस के अनुसार फरियादी कुलदीप राठौर निवासी भग्गूढाना गंज ने 9 फरवरी 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी मिलन राठौर एवं अन्य ने "रोबोट्रेड" एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर उससे 1 करोड़ 93 लाख रुपये की ठगी की। घटना के बाद से मुख्य आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने 9 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ। रिमांड अवधि पूर्ण होने पर आरोपी को पुनः न्यायालय में प्रस्तुत कर जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित