सोनीपत , मई 27 -- ऑनलाइन ट्रेडिंग की क्लास और आईपीओ में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर हरियाणा के सोनीपत शहर के एक कारोबारी से 12 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-14 निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक कॉल आयी थी। कॉल करने वाले ने खुद को एक निजी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए शेयर बाजार में मुफ्त ट्रेडिंग क्लास देने की बात कही। शुरुआत में आरोपियों ने रोजाना एक घंटे के ऑनलाइन सेशन आयोजित कर उनका विश्वास जीत लिया।
कुछ दिनों बाद जालसाजों ने कथित तौर पर आशीष कुमार को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाने के लिए राजी किया और उनका पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज हासिल कर लिये। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें आईपीओ में निवेश करने के लिए प्रेरित करते हुए कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।
इन दावों पर विश्वास कर आशीष कुमार आरोपियों द्वारा बताये गये विभिन्न बैंक खातों में कुल 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिये। रकम मिलने के तुरंत बाद जालसाजों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। अपने साथ ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी वेबसाइटों और जाली दस्तावेजों की मदद से बैंक खाते खुलवाये थे। साइबर टीम अब इस मामले से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित