सोनीपत , मई 27 -- हरियाणा के सोनीपत में साइबर जालसाजों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग की क्लास और प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर एक कारोबारी से 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर अपराध थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोनीपत के सेक्टर-14 निवासी आशीष कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को एक निजी कंपनी का कर्मचारी बताते हुए शेयर बाजार में मुफ्त ट्रेडिंग क्लास देने की बात कही। शुरुआत में आरोपियों ने रोजाना एक घंटे के ऑनलाइन सेशन आयोजित कर उनका विश्वास जीत लिया।

कुछ दिनों बाद जालसाजों ने कथित तौर पर आशीष को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर खाता खुलवाने के लिए राजी किया और उनका पैन कार्ड समेत अन्य दस्तावेज हासिल कर लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें आईपीओ में निवेश करने के लिए प्रेरित करते हुए कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।

इन दावों पर विश्वास कर आशीष आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 12 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के तुरंत बाद जालसाजों ने उनसे संपर्क तोड़ लिया। अपने साथ ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी वेबसाइटों और जाली दस्तावेजों की मदद से बैंक खाते खुलवाए थे। साइबर टीम अब इस मामले से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित