बारां , जून 10 -- राजस्थान के पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की पहल पर बुधवार को यहां आयोजित विशेष ऑनलाइन जनसुनवाई ग्रामीणों के लिए समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच साबित हुई।

कोटा जिला कलेक्टर कार्यालय से आयोजित जनसुनवाई में राज्य की सात चयनित ग्राम पंचायतों के लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे मंत्री से संवाद करके अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई में बारां जिले की कवाई ग्राम पंचायत भी शामिल थी।

जनसुनवाई के दौरान मंत्री दिलावर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान करके परिवादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई। उन्होंने अधिकारियों से स्वयं मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

इस दौरान श्री दिलावर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने और वृद्धावस्था पेंशन से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित