भीलवाड़ा , मई 11 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में |यातायात विभाग और ऑनलाइन चालान प्रणाली की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसका खामियाजा एक गरीब मजदूर को भुगतना पड़ रहा है।
एक मजदूर के मोबाइल पर यातायात नियम उल्लंघन (तीन सवारी) का चालान पहुंच गया। हैरानी की बात यह है कि मजदूर की मोटर साइकिल फैक्ट्री परिसर में खड़ी थी, जबकि चालान की फोटो में कोई अन्य मोटर साइकिल है।
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव राजेंद्र खटीक ने सोमवार को कहा कि प्रशासन की यह कैसी डिजिटल व्यवस्था है। नियमों की धज्जियां सरेआम कोई और उड़ा रहा है, लोग तीन सवारी बैठकर घूम रहे हैं और उसका हर्जाना एक बेकसूर गरीब मजदूर को भुगतना पड़ रहा है। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजेंद्र खटीक ने यातायात विभाग और संबंधित प्रशासन से मांग की है कि इस गलत चालान को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित