गोरखपुर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में एक बालक के अपहरण और उसके बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर बालक को गुरूवार को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि बालक ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और गेम में पैसा लगाने के लिए उसने खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची थी। उसने अपने पिता के मोबाइल पर एआई से तैयार की गई तस्वीरें भेजकर एक लाख रुपये की मांग की थी।
पुलिस के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति ने थाने पर सूचना दी कि उसका भांजा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा है। इसी बीच बालक के मोबाइल फोन से उसके पिता के मोबाइल पर कुछ तस्वीरें भेजी गईं और एक लाख रुपये की मांग की गई। मामला अपहरण और फिरौती से जुड़ा होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बालक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस की तत्परता के चलते महज दो घंटे के भीतर बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालक ने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में पैसा लगाने के लिए उसे रुपये की जरूरत थी। इसके लिए उसने अपने अपहरण की कहानी गढ़ी और खुद को अपहृत बताकर पिता से एक लाख रुपये की मांग की। इसके लिए उसने एआई की मदद से ऐसी तस्वीरें तैयार कराईं, जिससे उसके अपहरण का भ्रम पैदा हो सके। तस्वीरें पिता के मोबाइल पर भेजने के बाद फिरौती की रकम मांगी गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित