ग्वालियर , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर क्राइम विंग ने ऑनलाइन गैम्बलिंग और साइबर फ्रॉड के जरिए लाखों रुपये का अवैध लेनदेन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरवाई स्थित सांवरिया धाम फेस-1 की माता वाली गली में एक किराए के मकान में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी फेयरप्ले-1.कॉम वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे का संचालन करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, दो टैबलेट, 19 मोबाइल फोन, 17 एटीएम कार्ड, चार पासबुक, नौ चेकबुक और 38 सिमकार्ड सहित अन्य सामग्री बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजा रायकवार (19), निवासी सीपरी बाजार झांसी, नीलेश रावत (20), निवासी ग्राम घुघसी, जिला दतिया, पंकज पाल (18), निवासी ग्राम सड़, करैरा, जिला शिवपुरी, रानू रावत (19), निवासी ग्राम धमधौली, जिला शिवपुरी और उदय चौहान, निवासी सांवरिया धाम फेस-1, ग्वालियर शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सांवरिया धाम स्थित एक मकान में साइबर फ्रॉड और फर्जी म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त का काम चल रहा है। डीएसपी अपराध नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमित शर्मा और साइबर क्राइम विंग प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह कुशवाह की टीम ने मौके पर दबिश दी। कमरे में पांच युवक लैपटॉप और टैबलेट पर काम करते मिले, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे फेयरप्ले-1.कॉम वेबसाइट पर ऑनलाइन गैम्बलिंग, गेमिंग और साइबर फ्रॉड से जुड़े लेनदेन का काम करते थे। इसके लिए मोबाइल फोन और लैपटॉप के माध्यम से पैसों का लेनदेन किया जाता था। पुलिस के मुताबिक उदय चौहान और संजय रावत उन्हें म्यूल बैंक खाते, मोबाइल फोन, सिम, लैपटॉप और टैबलेट उपलब्ध कराते थे। यह मकान भी उदय चौहान का बताया गया है।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि संजय रावत अन्य लोगों के दस्तावेजों पर सिम उपलब्ध कराने तथा कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले लोगों को तलाशने का काम करता था। वेबसाइट पर जमा और निकासी के लेनदेन की जानकारी देखकर संबंधित बैंक खातों में राशि आने की पुष्टि की जाती थी और इसके बाद वेबसाइट पर लेनदेन स्वीकार किया जाता था। अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग किया जाता था और व्हाट्सऐप के माध्यम से खातों में राशि ट्रांसफर करने की जानकारी दी जाती थी।

पुलिस के अनुसार गिरोह के माध्यम से हर माह करीब पांच से छह करोड़ रुपये और सालभर में करीब 60 करोड़ रुपये का लेनदेन किया जाता था। जांच में सामने आया कि उपयोग किए जाने वाले कई बैंक खाते फर्जी दस्तावेजों पर खोले गए थे और लेनदेन के दो-तीन दिन बाद बंद हो जाते थे। इन खातों में ऑनलाइन गेमिंग और साइबर फ्रॉड से जुड़ी राशि आती थी। वेबसाइट पर लोग हार-जीत का दांव लगाते थे और राशि उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती थी। इसका लेखा-जोखा रजिस्टर में रखा जाता था।

पुलिस के अनुसार जांच में उदय सिंह चौहान और संजय रावत को गिरोह का मुख्य सरगना बताया गया है। उदय करीब तीन माह पहले पत्नी के साथ दिल्ली चला गया था और वहीं से म्यूल खातों से एटीएम के जरिए राशि निकालता था। संजय रावत फर्जी सिम और कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराता था। जांच में आरोपियों के दुबई, कंबोडिया और श्रीलंका से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जानकारी भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 4ए तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66सी और 66डी के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फरार बताए जा रहे उदय चौहान और संजय रावत की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित