प्रयागराज , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मंगलवार को मेजा क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, क्यूआर स्कैनर समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेश सिंह, अभिषेक कुमार, प्रिंस कुमार और मितेश प्रधान के रूप में हुई है। आरोपियों ने कथित रूप से 'रोलेक्सपेनल.विन' नाम से गेमिंग ऐप तैयार कराया था और इसके जरिए सट्टे का संचालन किया जा रहा था।

जांच में पता चला कि आरोपियों ने अलग-अलग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बड़ी संख्या में सिम कार्ड हासिल किए और कई यूपीआई खाते बनवाए थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेम के जरिए आने वाली रकम को एकत्र करने के लिए किया जाता था।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए बेहद सावधानी से काम करते थे। गिरोह में एक सदस्य को ऐप के एडमिन की जिम्मेदारी दी गई थी। यदि ऐप पर कुछ समय तक कोई गतिविधि नहीं होती थी तो वह पकड़े जाने के डर से संबंधित खाते और अन्य डिजिटल गतिविधियां हटाने का काम करता था। आरोपियों ने आपस में संपर्क और गतिविधियों के संचालन के लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप भी बनाया था।

एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के पास अचानक रकम आने लगी थी। इसके बाद वे गांव और आसपास की बैठकों में अपने पास बड़ी रकम होने को लेकर बातें करने लगे। इसकी सूचना एसटीएफ तक पहुंची, जिसके बाद प्रभारी जय प्रकाश राय ने टीम गठित कर आरोपियों की गतिविधियों की निगरानी शुरू की।

मंगलवार को एसटीएफ टीम ने मेजा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालन से जुड़े नेटवर्क और डिजिटल लेनदेन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित