नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने ऑडिट से संबंधित लोगों के लिए आयकर रिटर्न दाखिल करने की उपरोक्त तय की गई तारीख को 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर, 2026 कर दिया है।
आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 139 की उपधारा (1) के स्पष्टीकरण 2 की तालिका में ऐसे व्यक्त्तियों के लिए कर निर्धारण वर्ष 2026-27 के लिए आय विवरण प्रस्तुत करने की तय की गई अंतिम तिथि 31 अक्टूबर थी। अब इसे तीन सप्ताह बढ़ा दिया गया है।
सीबीडीटी की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस निर्णय के चलते निर्धारण वर्ष 2026-27 के लिए ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने की 'निर्दिष्ट तिथि' अधिनियम की धारा 139 की उपधारा (1) के स्पष्टीकरण 2 के नीचे दी गई तालिका में क्रमांक 2 पर उल्लेखित किए गए लोगों के विषय में 30 सितंबर, 2026 से बढ़ाकर 21 अक्टूबर, 2026 कर दी गई है।
इस संबंध में एक औपचारिक आदेश/ अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित