भिण्ड , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद में ई-रिक्शा की बढ़ती संख्या के कारण ऑटो का कारोबार प्रभावित होने पर एक ऑटो चालक ने मोटरसाइकिल चोरी करना शुरू कर दिया। गोहद पुलिस ने आरोपी पवन कुशवाह निवासी चक महाटोली, बानमोर, मुरैना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गोहद आने के बाद करीब 20 दिन में तीन बाइक चोरी की थीं।

पुलिस के मुताबिक पवन करीब एक माह पहले अपनी पत्नी के साथ ऑटो चलाने के लिए बानमोर से गोहद आया था। यहां ऑटो चलाने के दौरान उसे पर्याप्त सवारी नहीं मिल रही थी। ई-रिक्शा की संख्या बढ़ने से कई बार दिनभर का खर्च भी नहीं निकल पाता था। आर्थिक परेशानी के चलते उसने बाइक चोरी करने की योजना बनाई।

आरोपी ऑटो चलाते हुए अलग-अलग स्थानों पर खड़ी बाइकों की रैकी करता था और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेता था। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की बाइक अपने गांव में चोरी के धंधे से जुड़े लोगों को तीन से पांच हजार रुपये में बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस के पकड़ने तक वह कोई बाइक बेच नहीं पाया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने 10 अगस्त को ग्राम खितोली की दरगाह से एमपी 30 एमएन 5478, 20 अगस्त को गोहद न्यायालय परिसर से एमपी 30 जेडसी 1374 और 24 अगस्त को अस्पताल परिसर से एमपी 30 एमडब्ल्यू 3592 चोरी की थी। तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।

पुलिस ने घटनास्थलों और कस्बे से बाहर लगे करीब 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने 26 अगस्त को पवन को गोहद बस स्टैंड से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने तीनों बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीनों बाइक बरामद कर ली हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित