जयपुर , सितंबर 27 -- केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के तहत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर द्वारा राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक से चार अक्टूबर तक आयोजित होने वाले 'ऑक्टेव 2026' के अंतर्गत सोमवार से सात दिवसीय पेंटर्स कैंप का आयोजन होगा।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने बताया कि यह शिविर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर( आरआईसी) में लगेगा। यह आयोजन केन्द्रीय ललित कला अकादमी, नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है।

डॉ दलवी ने बताया कि इस शिविर में नॉर्थ ईस्ट के 10 नामचीन कलाकार बेहतरीन चित्र बनाएंगे। इस शिविर में त्रिपुरा से अभिजीत भट्टाचार्जी एवं निशान कुरी, असम से कौशिक कुंडू व प्रियम तालुकदार, मेघालय से बनियार्जिंगुमुत जी एल मावफलंग एवं ए इमोजेन फ्रांसेस्का वाहलांग, अरुणाचल प्रदेश से मारबा कामकी और एजुम बा, मिजोरम से लालजाव्मकिया तथा मणिपुर से राहुलदेव सीरम पेंटिंग में अपनी सिद्धहस्तता का प्रदर्शन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित