चंडीगढ़ , सितंबर 28 -- विश्व बाइक दिवस के मौके पर सोमवार को ऐप-बेस्ड बाइक राइडर्स ने अपनी मांगों को लेकर ट्रिब्यून चौक पर प्रदर्शन किया। तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में राइडर्स बाइक लेकर मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी रही।

चंडीगढ़ ऐप-बेस्ड वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष साहिल ने कहा कि ऐप-बेस्ड बाइक टैक्सी सेवाओं पर रोक से राइडर्स का रोजगार प्रभावित हुआ है और उनके सामने बाइक की किश्तें चुकाने तथा परिवार का खर्च चलाने का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से सेवाएं दोबारा शुरू करने की मांग की।

राइडर्स ने बाइक की चाबियां लेकर राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को सौंपने का कार्यक्रम बनाया था। तेज बारिश के कारण हालांकि कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इसके बाद राइडर्स बाइक से एसटीए कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सेवाएं बहाल नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित