धार , जून 21 -- मध्यप्रदेश के धार में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नगरी मांडू के विश्वप्रसिद्ध और ऐतिहासिक 'जहाज महल' परिसर में आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद भव्य, दिव्य और ऊर्जावान अंदाज में मनाया गया जहां सदियों पुरानी पुरातात्विक धरोहर के बीच हज़ारों नागरिकों ने एक सुर में योग किया।

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार आयोजित इस मुख्य जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर नरसिंह दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं सानिध्य प्राप्त हुआ।

इस दौरान कलेक्टर राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्र के नाम संदेश बेहद एकाग्रता के साथ सुना।

केंद्रीय राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। प्रातः 07:00 बजते ही जहाज महल का पूरा परिसर योगमय हो गया। अतिथियों, अधिकारियों, युवाओं और समाजसेवियों ने योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में 'सामान्य योग प्रोटोकॉल' के अनुसार विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया। इससे पूर्व प्रातः 06:30 बजे कोलकाता से राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। रविवार का अवकाश होने के बाद भी मांडव और आसपास के क्षेत्रों से आए नागरिकों व विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखा गया।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के 'योग संगम' पोर्टल पर भी इस भव्य आयोजन का डिजिटल पंजीयन सुनिश्चित किया गया। इस सफल और ऐतिहासिक आयोजन के समापन पर जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा मांडू आने वाले सभी योग साधकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शासकीय अधिकारियों और प्रबुद्ध जनों का आत्मीय आभार व्यक्त किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित